अयोध्या: अयोध्या के गौराघाट में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन में अब महज कुछ दिन शेष हैं, लेकिन रामचौरा घाट पर तैयारियां अधूरी हैं। गयासपुर स्थित इस घाट पर 20 अक्टूबर को करीब 60 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। इसके बावजूद रास्ते से लेकर घाट तक साफ-सफाई नहीं कराई गई है। घाट तक पहुंचने वाले करीब 500 मीटर लंबे रास्ते पर पथरीली गिट्टियां बिखरी हैं। सड़क किनारे कांटेदार झाड़ियां और बबूल के पेड़ उगे हैं। इससे नंगे पैर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। तमसा नदी के घाट पर जलकुंभी फैली होने से प्रतिमा विसर्जन में भी दिक्कत आने की आशंका है। पौराणिक मान्यता है कि वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने तमसा नदी के किनारे पहली रात विश्राम किया था। पूर्व प्रधान देशराज निषाद समेत ग्रामीणों ने रास्ते की मरम्मत और घाट की सफाई कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी तारुन आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही सभी घाटों पर सफाई शुरू कराई जाएगी। विसर्जन से पहले जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।