अयोध्या में समाजवादी पार्टी के विशेष आमंत्रित सदस्य एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार के नेतृत्व में शनिवार को रुदौली में पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव का भव्य स्वागत किया गया। अयोध्या में प्रथम आगमन पर राम नरेश होटल के पास आयोजित कार्यक्रम में चौधरी शहरयार के साथ बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं। चौधरी शहरयार ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव का स्वागत करते हुए कहा कि युवा नेतृत्व को जिले की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार जताते हुए जय सिंह यादव को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। स्वागत कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने जय सिंह यादव को फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। चौधरी शहरयार ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अयोध्या के युवाओं पर विश्वास जताया है। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। जय सिंह यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के आधार पर चुनाव की तैयारी की जाएगी। वहीं, चौधरी शहरयार ने युवा नेता जय सिंह यादव को जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी से युवाओं में उत्साह बढ़ा है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे।