तारुन में श्री बजरंग रामलीला समिति खेमीपुर निधियावा के तत्वावधान में चल रही रामलीला में लंका दहन, अक्षय कुमार वध और विभीषण शरणागति का भावपूर्ण मंचन किया गया। हनुमान जी की पूंछ में आग लगते ही सोने की लंका धू-धू कर जलने लगी। इस दृश्य को देखकर दर्शकों ने जय बजरंगबली के जयकारे लगाए। रामलीला में दिखाया गया कि लंका में प्रवेश के दौरान हनुमान जी की मुलाकात विभीषण से होती है। विभीषण उन्हें माता सीता का पता बताते हैं। इसके बाद हनुमान जी अशोक वाटिका पहुंचकर श्रीराम की दी हुई मुद्रिका माता सीता को देते हैं। श्रीराम के दूत होने का परिचय मिलने पर माता सीता को विश्वास हो जाता है। उनकी अनुमति से हनुमान जी अशोक वाटिका में फल खाने पहुंचते हैं और वहां उत्पात मचाने के साथ ही अक्षय कुमार सहित कई राक्षसों का वध कर देते हैं। घटना की जानकारी रावण को मिलती है तो वह अपने पुत्र इंद्रजीत को भेजता है। इंद्रजीत हनुमान जी को ब्रह्मपाश में बांधकर रावण के दरबार में ले जाता है। रावण के आदेश पर उनकी पूंछ में आग लगा दी जाती है। इसके बाद हनुमान जी पूरी लंका में आग लगा देते हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मौलाना मोहम्मद सईद, भाजपा जिला महामंत्री राघवेंद्र पांडेय, निर्मल पांडेय और अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।