दिबियापुर कस्बा के गेल परिसर में रविवार शाम ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए हुए इस रिहर्सल में जैसे ही आग लगी, वैसे ही राहत बचाव के लिए सरकारी अमले से लेकर स्वयंसेवक जुट गए। दमकल ने जहां आग पर काबू पाया, तो वहीं पुलिस, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य स्वयंसेवकों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी उठाई। लाइटें बंद कर दी गई। शासन के निर्देश पर रविवार शाम गेल परिसर में जिला प्रशासन के सहयोग से ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास एडीएम न्यायिक नीरज प्रसाद की मौजूदगी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:58 पर हुई, 6:56 पर ब्लैकआउट किया गया और अभ्यास शाम 6:07 पर समाप्त हुआ। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य युद्ध, हवाई हमले अथवा किसी अन्य आपातकालीन संकट की स्थिति में ब्लैकआउट के दौरान प्रतिक्रिया और तैयारियों का आकलन करना रहा। अभ्यास के जरिये विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय की स्थिति परखी गई। मॉकड्रिल के दौरान आपातकालीन स्थिति की सूचना मिलते ही गेल परिसर में इमरजेंसी सायरन बजाया गया। सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद गेल इंडिया लिमिटेड की दमकल गाड़ियों ने भी मोर्चा संभाला और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। पानी और फोम का उपयोग कर आग पर काबू पाया गया। अभ्यास के तहत कुछ लोगों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। ब्लैकआउट का सायरन बजते ही नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने चौकियों पर तैनात होकर यह सुनिश्चित किया कि कहीं से भी रोशनी बाहर न दिखे। सार्वजनिक स्थलों व गलियों में गश्त कर लोगों को घरों के भीतर रहने, लाइटें बंद रखने, अफवाहों से बचने व प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। अभ्यास में जिला प्रशासन, एनटीपीसी, गेल इंडिया लिमिटेड व म्यूचुअल एड पार्टनर के अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। समापन पर एडीएम ने कहा कि ऐसे अभ्यास आपदा के समय प्रशासन और नागरिकों को मानसिक व व्यावहारिक रूप से तैयार करते हैं। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद, प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, पुलिस, होमगार्ड, आपदा मित्र, एनसीसी कैडेट्स व नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक मौजूद रहे।