गजरौला ब्लॉक की वारसाबाद न्यायपंचायत की ग्राम पंचायत दो विधान सभा क्षेत्रों में विभाजित होने के कारण विकास में पिछड़ गई हैं। हसनपुर विधान सभा क्षेत्र के गांव सादुल्लेपुर में कोई स्कूल नहीं होने के कारण बच्चों को दो किमी दूर नाईपुरा जाना पड़ता है। तिगरिया खादर में नाले बंद होने के कारण जल भराव हो जाता है। कई गांवों को जोड़ने वाला मार्ग गड्ढों में तब्दील है। शहवाजपुर डोर में भी जल भराव की समस्या हो जाती है। ब्लॉक की वारसाबाद न्याय पंचायत में वारसाबाद, फौंदापुर, तिगरिया खादर, सादुल्लेपुर और शहवाजपुर डोर ग्राम पंचायत शामिल हैं। धनौरा विधान सभा क्षेत्र में शामिल वारसाबाद व फौंदापुर ग्राम पंचायत गजरौला-खादगुर्जर मार्ग किनारे स्थित हैं। फौंदापुर में पाइप लाइन से घर-घर पानी पहुंचाने के लिए उसके मजरे मझौला गांव में ओवरहेड टैंक बनवाया, लेकिन आज तक उससे गांव के लोगों को पानी नहीं मिला। जबकि पाइप लाइन भी बिछा दी गई। नाईपुरा मोहल्ले से लगी सादुल्लेपुर ग्राम पंचायत हसनपुर विधान सभा क्षेत्र में पड़ती है। इसमें कोई स्कूल नहीं होने के कारण गांव के बच्चों को पढ़ाई में दिक्कत सामने आ रही है। उनको दो किमी की दूरी तय कर नाईपुरा के स्कूल व कॉलेजों में जाना पड़ता है। इसी न्यायपंचायत में शामिल शहवाजपुर डोर ग्राम पंचायत हसनपुर विधान सभा में शामिल है। गांव का मुख्य मार्ग ऊबड़ खाबड़ व टूटा हुआ है। तिगरी मार्ग से बसैली फाटक को पार होकर रोजाना सैकड़ों वाहन हाईवे पर पहुंचते हैं। हरिद्वार से कांवड़ लाने वाले कांवड़ियों का भी मुख्य मार्ग हैै।