दीपावली से पहले अमरोहा पुलिस ने 243 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने करीब 51 लाख रुपये कीमत के 243 मोबाइल बरामद किए हैं। एसपी ने पुलिस कार्यालय के सभागार में मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने अमरोहा पुलिस का आभार जताया। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी तथा उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए सीईआईआर पोर्टल संचालित किया जा रहा है। जिले की साइबर सेल तथा विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने पोर्टल और सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन तलाशने का अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद 243 मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली। बरामद मोबाइल में जनपदीय साइबर सेल ने सबसे अधिक 60 फोन खोजे। इसके अलावा सैदनगली पुलिस ने 32, हसनपुर ने 23, रजबपुर ने 21, नौगावां सादात और अमरोहा नगर पुलिस ने 20, डिडौली ने 18, मंडी धनौरा ने 13, अमरोहा देहात और गजरौला पुलिस ने 12, बछरायूं ने आठ तथा रहरा और आदमपुर पुलिस ने दो मोबाइल बरामद किए। एसपी ने लोगों से अनजान लिंक और एप पर क्लिक न करने तथा ओटीपी व बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और मोबाइल गुम होने पर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत कर उसे ब्लॉक कराने की सलाह दी है।