राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर के भूपतिपुर कोड़रहा गांव में उधारी के एक लाख रुपये मांगने पर ऋषि तिवारी व उसके परिवार के सदस्यों ने युवक श्याम नारायण पांडेय पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। बेटे को पिटता देख उसे बचाने पहुंची मां चंद्रावती (85) व परिवार के अन्य सदस्यों को भी बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल वृद्धा ने राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में दम तोड़ दिया। घायल श्याम नारायण का इलाज चल रहा है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी ऋषि त्रिपाठी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।