अंबेडकरनगर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक व अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को अवसाद से बाहर निकलने के तरीके बताए गए। नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कर मानसिक रोगों के प्रति लोगों को जागरुक किया गया। कलाकारों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया कि जरा से असामान्य व्यवहार को भी अनदेखा नहीं करना चाहिए। तत्काल प्रभावित व्यक्ति को मानसिक रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। नाटक के माध्यम से यह भी बताया कि किस प्रकार तांत्रिक और ओझा के चक्कर में आने से रोगी की जान पर बन आती है। इस दौरान सीएमएस डॉ. पीएन यादव, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. हलीम, डॉ. योगेश वर्मा, डॉ. गीतिका वर्मा, डॉ. फौजिया शरीफ, अस्पताल मैनेजर डॉ. हर्षित गुप्ता, प्रवीण यादव व अन्य मौजूद रहे।