अंबेडकरनगर में कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयुष विभाग की ओर से होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और एक्सरे टेक्नीशियन के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से नियुक्ति पत्र वितरण के साथ अंबेडकरनगर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के चयन को देखते हुए स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय और कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वर्ष 2024 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले के 30 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और 19 एक्सरे टेक्नीशियन चयनित हुए हैं। फार्मासिस्ट के 361 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इन फार्मासिस्टों में से जिले के रिक्त तीन पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से युवाओं को रोजगार देने का वादा नियुक्ति पत्र वितरण के माध्यम से पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। विधायक धर्मराज निषाद ने चयनित अभ्यर्थियों से सेवा भाव के साथ जनपद, प्रदेश और देश की सेवा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सीडीओ वैभव मिश्रा, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. जेबी सिंह समेत आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।