आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला बीच मई बुजुर्ग निवासी महिला ने आठ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, बाल पकड़कर जमीन पर पटकने, गला दबाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता के अनुसार, वह थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में उसने बताया कि 24 जुलाई 2026 को शाम करीब चार बजे वह अपने घर पर घरेलू कार्य में व्यस्त थी। पति बाजार गए थे। आरोप है राशिद, आरिफ, तालिब, नूर खां, इकरी, रहमान, रवि और अकरम उसके घर में घुस आए। गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में चोट आ गई। आरोपियों ने उसका गला दबाने का भी प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार, थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।