आगरा के एत्मादपुर में यूपीसी के विरोध में मंगलवार को खंदौली से बाइक रैली निकालकर एत्मादपुर तहसील पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर बैठकर विरोध जताया। इसके बाद तहसील परिसर में भीड़ जुट गई। यहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि तहसील परिसर में प्रदर्शन के दौरान क्राइम इंस्पेक्टर और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान क्राइम इंस्पेक्टर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने भीड़ पर लाठी चला दी। लाठी चलने से प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और मौके पर हंगामा बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने क्राइम इंस्पेक्टर को एक अधिवक्ता के केबिन के अंदर ले जाकर सुरक्षित किया। घटना की सूचना पर एसीपी और एसडीएम समेत बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी क्राइम इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। लोगों ने तहसील परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ कर भी विरोध जताया। मौके पर लगातार नारेबाजी और हंगामा जारी रहा। इसके बाद प्रदर्शन हाईवे पर पहुंच गए। हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया।