ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर दो हथियारबंद आतंकियों के घुसने की कोशिश से सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से दोनों को स्टेशन के अंदर ही दबोच लिया गया। उनके पास से दो पिस्टल, 35 कारतूस, टैक्टिकल टॉर्च और स्टेशन का नक्शा मिला। यह पूरा घटनाक्रम शुक्रवार को मेट्रो स्टेशन पर आयोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा था। ऑपरेशन समाप्त होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए यह अभ्यास किया गया। दोनों ने छोटे हथियार छिपाकर एएफसी एग्जिट गेट से प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन तैनात गार्ड ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों कॉनकोर्स एरिया में लिफ्ट के पास मशीन रूम और प्लेटफॉर्म के इमरजेंसी दरवाजे से अंदर छिप गए। एसएसएफ के प्रभारी अजीत सिंह ने एससीआर के माध्यम से ओसीसी को सूचना दी। इसके बाद क्यूआरटी, सर्च, प्रोटेक्शन और गिरफ्तारी टीमों ने मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उन्हें स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।