आगरा। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में आयोग की टीम ने उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद रहे। बैठक में आगरा समेत पांच मंडलों के 21 जिलों की चुनावी तैयारियों, निर्वाचन प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से विधानसभा सीटों की मतदाता सूची, मतदान केंद्रों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में मंडलायुक्तों, पुलिस आयुक्तों, आईजी, डीआईजी, जिला निर्वाचन अधिकारियों और एसएसपी व एसपी ने भाग लिया। आयोजन के दौरान बैठक स्थल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।