आगरा-ग्वालियर रोड स्थित गांव बाद के बटेश्वर रेलवे लाइन ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटें खराब होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक दशक पहले लगाई गईं इन लाइटों के खराब होने से रात के समय ओवरब्रिज पर अंधेरा छाया रहता है। इससे हादसों की आशंका बनी रहती है। इससे पहले कई बार हादसे भी हो चुके हैं। गांव बाद निवासी पवन कुमार ने बताया कि रात के समय ओवरब्रिज पर अंधेरा रहने से दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। संबंधित विभाग को जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराना चाहिए। वहीं, स्थानीय निवासी विकल चाहर ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें आए दिन खराब होती रहती हैं, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि राहगीरों को रात के समय परेशानी का सामना न करना पड़े।