आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र में रविवार की रात अलग-अलग स्थानों से अवैध हथियार मिलने और फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की जांच में दोनों मामले पारिवारिक विवाद से जुड़े पाए गए। पहले मामले में गांव भोगपुरा दौना वाली ठार निवासी रामभरत ने डायल रविवार की रात 112 पर सूचना दी कि उनके यहां कुछ अवैध हथियार मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। जांच में पता चला कि परिवार में सास-बहू के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान रामभरत का अपने पिता मुन्ना लाल से भी झगड़ा हो गया था। पुलिस की जांच में अवैध हथियार मिलने की सूचना की पुष्टि नहीं हुई। वहीं दूसरे मामले में नेहरे का पुरा निवासी छोटेलाल ने रविवार की रात फायरिंग की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि छोटेलाल का अपने भाई मनोज से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही छोटेलाल वहां से चला गया था। दोनों सूचनाओं पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। एसीपी शमसाबाद राजीव रंजन ने बताया कि रविवार की रात अवैध हथियार मिलने और फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो दोनों मामले आपसी विवाद के पाए गए है।दोनों ही मामलों की कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।