शमसाबाद। थाना शमसाबाद पुलिस ने मंगलवार को घर से लापता हुई छह साल की मासूम को महज एक घंटे में ढूंढकर परिजन के सुपुर्द कर दिया। शमसाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर जरौली रोड पर एक बच्ची को अकेला घूमता देख स्थानीय लोगों ने उसे थाने पहुंचाया था। थाने में बच्ची डर के मारे लगातार गलत पता बता रही थी, जिसके बाद एसआई विवेक चौहान ने उसका स्कूल बैग चेक किया। बैग की किताबों पर केवल प्रीति नाम लिखा होने पर उन्होंने किताबों पर बने क्यूआर कोड को स्कैन किया। इसके जरिए पुस्तक विक्रेता गौरव गुप्ता से संपर्क कर स्कूल का पता लगाया गया। स्कूल प्रबंधन के माध्यम से परिजन को थाने बुलाकर बच्ची को उन्हें सौंप दिया गया।