आगरा के तहसील सदर के बिचपुरी क्षेत्र में प्रस्तावित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सहारा-सराय में उपकेंद्र के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और टेंडर भी आवंटित हो गया है। अब भूमि का सीमांकन कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उपखंड अधिकारी साइट-सी सिकंदरा राकेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत उपकेंद्र को मंजूरी मिल चुकी है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उपकेंद्र का निर्माण छह से आठ माह में पूरा करने का लक्ष्य है। विभाग की योजना अगली गर्मी से पहले इसे चालू करने की है। उन्होंने बताया कि गांव सहारा-सराय में गाटा संख्या 67 की 1680 वर्गमीटर बंजर भूमि उपकेंद्र के लिए आवंटित की गई है। उपखंड अधिकारी साइट-सी सिकंदरा राकेश कुमार बताते हैं कि नया उपकेंद्र बनने से बिचपुरी और आसपास के क्षेत्रों के 12 से 14 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। वर्तमान में बढ़ते विद्युत भार के कारण क्षेत्र में ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। उपकेंद्र शुरू होने से पथौली समेत आसपास के क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाले विद्युत भार को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।