आगरा के मलपुरा में बुधवार को भाई दूज के त्योहार को देखते हुए आगरा-ग्वालियर हाईवे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के द्वारा बड़े वाहनों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से रोका गया। गांव बाद स्थित न्यू दक्षिणी बाईपास से शहर की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को डायवर्ट किया गया। रोहता, इटौरा, ककुआ और बाद सहित प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। सुबह से शाम तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। भीड़भाड़ के कारण कुछ स्थानों पर यातायात काफी धीमा रहा। रोहता, मलपुरा, इटौरा, धनौली, बाद और ककुआ सहित अन्य चौराहों पर भी थाना प्रभारी राजीव कुमार एवं चौकी प्रभारी अनुज बालियान पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। एसीपी सैंया जसबीर सिंह सिरोही ने बताया कि त्योहार को देखते हुए जगह-जगह पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।