आगरा के लोहामंडी के सैयद पाड़ा (वार्ड 81) में सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती की। बुधवार को प्रवर्तन दल ने स्लॉटर हाउस की भूमि को मुक्त कराया। परिसर खाली कराकर मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया। इस जमीन पर अब लोगों के लिए सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। यह कार्रवाई क्षेत्रीय पार्षद अमित सिंह पटेल की शिकायत पर की गई। उन्होंने नगर आयुक्त से कहा था कि बंद पड़े स्लॉटर हाउस पर कुछ भूमाफिया और असामाजिक तत्वों ने कब्जा कर लिया है। इससे इलाके में अवैध गतिविधियां भी तेजी से पनप रही हैं। पार्षद के प्रस्ताव पर निगम प्रशासन ने सामुदायिक भवन का खाका तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी। प्रवर्तन दल जब जमीन खाली कराने मौके पर पहुंचा तो कुछ लोगों ने विरोध किया। हालांकि उनकी एक नहीं चली। दल ने केवल स्लॉटर हाउस तक खुद को सीमित नहीं रखा। क्षेत्र में सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से पशुओं का बाड़ा संचालित करने और रास्ते पर लगातार गोबर व गंदगी फैलाने की शिकायत पर भी शिकंजा कसा। तत्काल गंदगी हटवाई और चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसा हुआ तो कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।