आगरा के जैतपुर के प्रताप नगर की अंकिता ने 23 फरवरी को कोर्ट मैरिज की, जिससे उसके पिता विमल शर्मा एवं मां सीता देवी बेटी कोर्ट मैरिज से खफा थे। 2 अगस्त की रात दोनों ने अंकिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने 3 अगस्त को हत्या के आरोप में पिता विमल शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा। बुधवार को जैतपुर के नेमा देवी मंदिर के पास से हत्यारोपी मां सीता देवी को गिरफ्तार किया। सीता देवी ने पुलिस को बताया पति विमल शर्मा ने बेटी अंकिता के गले में फंदा कसा। उसकी चीखें निकलने पर उसने बेटी का मुंह दबा दिया। पिता ने रस्सी, दुपट्टे से गले में मरने तक फंदे को कसकर रखा। बेटी की मौत के बाद वह छत के रास्ते घर के पिछवाड़े निकल गई। उसे अपने किए पर पछतावा है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया कि विमल शर्मा से हुई पुलिस पूछताछ में अंकिता की मां सीता देवी की भूमिका सामने आई, उसे गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान जैतपुर के प्रताप नगर की अंकिता नहटोली के रहने वाले अमित उर्फ अनिल के संपर्क में आई। परिजन शादी के लिए तैयार नहीं। इसलिए परिवार से छुप कर 23 फरवरी को कोर्ट मैरिज की। अमित उर्फ अनिल की फेसबुक पोस्ट, पड़ोसी और समाज के लोगों के जरिए परिजन को अंकिता की कोर्ट मैरिज की जानकारी हुई। पड़ोसी अनुज कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई।