आगरा में करवाचौथ की खरीदारी कर घर लौट रही एक महिला और उसके दो वर्षीय मासूम बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर पूजा का सामान सड़क पर बिखर गया। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। हादसा बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे अरतौनी के पास आगरा-मथुरा हाईवे पर हुआ। जानकारी के अनुसार अरतौनी, सिकंदरा निवासी आकाश की 30 वर्षीय पत्नी मंजू करवाचौथ की खरीदारी करने सिकंदरा गई थी। खरीदारी के बाद वह अपने दो वर्षीय बेटे वंश और पांच वर्षीय बेटी आकांक्षा के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान अरतौनी के पास हाईवे की रेलिंग में बने कट से सड़क पार करते समय मथुरा की ओर से आ रही एक कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मंजू और उसके दो वर्षीय बेटे वंश की मौत हो गई, जबकि बेटी आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर करवाचौथ की खरीदारी और पूजा का सामान बिखरा पड़ा था। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर लोग भी भावुक हो गए। पति की लंबी उम्र की कामना से जुड़े इस पर्व की तैयारियां मातम में बदल गईं। मां और मासूम बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।