आगरा के फतेहपुर सीकरी में मिशन शक्ति अभियान के तहत रासा इंटरनेशनल स्कूल की दो छात्राओं ने एक दिन के लिए पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाकर पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा। कक्षा 12वीं की छात्रा रिंशी गोयल ने एक दिन के लिए क्षेत्राधिकारी अछनेरा का कार्यभार संभाला, जबकि दिव्यांशी गोयल को एक दिन के लिए थाना फतेहपुर सीकरी का कोतवाल बनाया गया। दोनों छात्राओं ने अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली और लोगों की समस्याएं सुनकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसीपी शैलेंद्र सिंह ने मिशन शक्ति के तहत कार्यशाला आयोजित कर छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, जागरूकता और आत्मरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मदद के लिए जरूरी मोबाइल हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।