आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के पास लक्ष्मी नगर कॉलोनी में दिवाली के जश्न के बीच जूते की एक फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों की सूचना पर फैक्टरी मालिक मनोज मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले फैक्टरी बंद कर कारीगरों का हिसाब-किताब करने के बाद वह चले गए थे। आग लगने के कारणों की उन्हें जानकारी नहीं है। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि काफी प्रयासों के बावजूद उस पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन एवं दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रहीं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।