बाह। पिछले साल आई बाढ़ में बटेश्वर के मंदिर मार्ग को पशु मेला से जोड़ने वाले रास्ते की पुलिया ध्वस्त हो गई थी। रास्ते पर मिट्टी डलवाई है, लेकिन पुलिया की मरम्मत न होने और किनारे पर गहरी खाई होने की बजह से मेला में हादसे का खतरा बना हुआ है। सोमवार सुबह 10 बजे बटेश्वर के प्रवेश द्वार से 20 गज की दूरी पर पशु मेला क्षेत्र के रास्ते का मोड है। मोड पर बाढ़ में क्षतिग्रस्त पुलिया जस की तस पड़ी मिली। रास्ते पर मिट्टी जरूर डलवा दी है। जिससे पशु मेला क्षेत्र के वाहन एवं मवेशी के साथ व्यापारी किसान आवाजाही करते मिले। राजाखेडा के नेमी चन्द, बसई के राजकुमार ने बताया कि पुलिया के कटान पर वाहनों के फंसने एवं पलटने का खतरा बना हुआ है। सोमवती अमावस्या के स्नान को पहुंचे जरार के सुनील, लक्ष्मी ने बताया कि लोक मेला में पुलिया के एक छोर पर मनोरंजन का साधन झूला लगाया गया है। पुलिया के कटान का गहरा गड्ढा मनोरंजन के साधन पर आने जाने के दौरान हादसे का कारण बन सकता है। समय रहते पुलिया की मरम्मत एवं बाढ़ के कटान की खाई को भरे जाने की जरूरत है। मुख्य पर्व पूर्णिमा एवं दौज को भीड़ उमड़ती है। बाढ़ का जख्म भर कर हादसे के खतरे को टाला जा सकता है। वर्जन- सीडीओ के निरीक्षण के वक्त भी समस्या उठाई गई थी। स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार कर पुलिया की मरम्मत कराई जाएगी।- चन्द्रकेश, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड आगरा