आगरा। न्यू आगरा थाने में एक हिस्ट्रीशीटर सहित 12 लोगों के खिलाफ 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता नंदकिशोर ने बताया कि आरोपी उसे व उसके परिजन को मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान कर रहे हैं। प्रकाश नगर निवासी नंद किशोर ने शाहगंज के हिस्ट्रीशीटर अमित, उसके भाई छोटू उर्फ अजय, गोरखा उर्फ विजय, सहयोगी जीतू उर्फ जितेंद्र और नरेश को आरोपी बनाया है। शिकायत में अमित की पत्नी ऊषा, बेटी दिव्या, छोटू की पत्नी नगीना, देव सिंह और उसकी पत्नी मिथिलेश समेत अन्य के नाम भी हैं। यह भी बताया है कि अमित को मार्च 2025 में छह माह के लिए जिला बदर किया गया था और वह पिछले 45 दिनों से साथियों के साथ आईपीएल जुआ सट्टा चला रहा है। आरोपियों ने 16 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे 15 लाख रुपये मांगे और न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मरवाने की धमकी दी। एसीपी हरीपर्वत बजरंग ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।