आगरा के बाह-फतेहाबाद मार्ग पर मंगलवार सुबह नयापुरा खंडेर के पास कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत होने पर बाइक सवार तीनों लोगों को आगरा रेफर कर दिया गया। हादसा सुबह 8 बजे करीब हुआ। पुलिस के मुताबिक, पिढ़ाैरा निवासी मनोज छह वर्षीय आरव और 16 वर्षीय मनीष के साथ बाइक से फतेहाबाद आ रहे थे। नयापुरा खंडेर के पास सामने से बाह की ओर जा रही कार से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बाइक सवार मनोज, आरव और मनीष के अलावा कार में सवार सुधा पत्नी अवधेश निवासी शंकर बाबा की कुटिया, पक्की तलैया, बिजौली रोड, बाह घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। तीनों बाइक सवारों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कार व बाइक की टक्कर में चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।