मोहब्बत की बेमिसाल निशानी ताजमहल की एक झलक पाकर बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रणौत रविवार को मंत्रमुग्ध हो गईं। परिवार संग आगरा पहुंचीं कंगना ने जैसे ही रॉयल गेट से प्रवेश कर ताजमहल की अद्भुत आभा देखी, उनके मुंह से अनायास ही निकल पड़ा, वाह ताज... अमेजिंग, ब्यूटीफुल! दोपहर करीब तीन बजे कंगना अपने परिजन के साथ पूर्वी गेट से स्मारक में दाखिल हुईं। अपने बीच कंगना को पाकर पर्यटक उत्साहित हो उठे। अभिनेत्री ने हाथ हिलाकर मुस्कुराते हुए अभिवादन किया। कड़ी सुरक्षा के बीच उन्होंने करीब 45 मिनट ताज में बिताए। इस दौरान उन्होंने गाइड से ताज के निर्माण, मुगलकालीन स्थापत्य कला और पच्चीकारी की बारीकियों को समझा।