प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद अछनेरा परिसर में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को लेकर सोमवार को नगर पालिका के सभासदों ने विरोध जताया। सभासदों का आरोप है कि कार्यक्रम की जानकारी उन्हें समय से नहीं दी गई। बताया गया कि नगर पालिका परिसर में 28, 29 और 30 सितंबर को कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। कार्यक्रम की सूचना नहीं मिलने से नाराज सभासद पालिका परिसर पहुंचे और विरोध जताया। इस दौरान टेंट और कुर्सियों को हटाने की बात को लेकर हंगामा हुआ। सभासदों ने वहां रखी कुछ कुर्सियां फेक दीं। सभासद गुलशन गर्ग, रामेश्वर वर्मा, पवन छोकर, सुनील सोगलवार, शिवा माहौर, मुकेश धनगर का कहना है कि कार्यक्रम की जानकारी समय से जनप्रतिनिधियों और कस्बावासियों तक पहुंचाई जाती तो अधिक संख्या में लाभार्थी योजनाओं का लाभ लेने पहुंच सकते थे। वहीं कार्यक्रम के पहले दिन प्रचार-प्रसार के अभाव में अपेक्षाकृत कम संख्या में लोग पहुंचे। अधिशासी अधिकारी अरुण यादव ने बताया कि कार्यक्रम 29 और 30 सितंबर को होना था, लेकिन रविवार शाम करीब सात बजे कार्यक्रम को 28 सितंबर से शुरू करने की सूचना मिली। समय कम होने के कारण सभी सभासदों और कस्बावासियों तक सूचना नहीं पहुंच सकी।