आगरा-जलेसर मार्ग पर थाना क्षेत्र के गांव नायकी सराय के समीप सोमवार सुबह सड़क किनारे करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे पर चोट के निशान मिलने से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने नायकी सराय के पास सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया। मृतक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संभव है कि युवक शराब के नशे में गिर गया हो और चोट लगने से उसकी मौत हुई हो। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।