आगरा। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को सिकंदरा स्थित गुरु का ताल में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यापक तैयारियां की गईं। लंगर की प्रसादी तैयार करने के लिए सेवादार सुबह चार बजे से ही जुट गए। पूरे परिसर में सेवादार सेवा कार्य में लगे रहे। लंगर के लिए करीब 70 क्विंटल कढ़ी-पकौड़ा, 20 क्विंटल आटे की रोटियां और 20 क्विंटल आटे की पूरियां तैयार की गईं। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में सब्जी, मालपुआ समेत अन्य प्रसाद भी बनाया गया। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए भोजन तैयार करने से लेकर उसे परोसने तक के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गईं। प्रकाश पर्व पर गुरु का ताल में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।