आगरा के हरीपर्वत थाने में एसटी इंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर वंदना दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि हीरो फिनकॉर्प लिमिटेड के ग्राहकों से कंपनी के नाम पर 7.96 लाख रुपये वसूले गए मगर कंपनी के खाते में जमा नहीं किए गए। कंपनी के लीगल मैनेजर आशुतोष मणि त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। शिकायत के अनुसार, वंदना दुबे (निवासी ख्वासपुरा नई आबादी) को कंपनी की ओर से ग्राहकों से बकाया वसूली की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोप है कि ग्राहकों से 7,96,561 रुपये वसूले गए लेकिन रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई। इसके अलावा कंपनी के ग्राहक बच्चू सिंह से संबंधित रीपो वाहन भी कंपनी के निर्देश के बावजूद वापस नहीं किया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।