आईटीआई में प्रथम चरण के प्रवेश को लेकर शनिवार को मात्र 10 एडमिशन ही हुए। बल्केश्वर स्थित आईटीआई में काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया के लिए करीब 250 विद्यार्थी पहुंचे। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए संस्थान में सात पटलों पर काउंसलिंग की व्यवस्था की गई, जिससे दस्तावेजों की जांच और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जा सके। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों की जांच, अभिलेखों के सत्यापन और आवंटित ट्रेड में प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने के कारण संस्थान में दिनभर प्रवेश को लेकर गतिविधियां बनी रहीं। सहायक प्रभारी संकल्प विचित्र ने बताया कि प्रथम चरण के प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों की सुविधा के लिए रविवार को भी बल्केश्वर आईटीआई खोली जाएगी। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी। विद्यार्थियों को निर्धारित समय में संस्थान पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कहा गया है।