संवाद न्यूज एजेंसी झांसी। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में महिला एवं पुरुष बुंदेलखंड केसरी दंगल और झांसी जिला केसरी दंगल का आयोजन किया गया। इसमें महिला और पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और कुश्ती के शानदार दांव-पेच दिखाए। मुकाबले देखने के लिए खेल प्रेमियों और कुश्ती के शौकीनों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम के अध्यक्ष अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक राय रहे। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा मौजूद रहे। इनके अलावा नरेश राय हंसारी, बुंदेलखंड केसरी संजय राय पहलवान, सुभ राय, अनिरुद्ध शर्मा, अमित राय, इंजीनियर अंकित राय, रोहित पांडेय, रामकिशन निरंजन, हरबिंद कुमार और सचिव सुंदर ग्वाला सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि कुश्ती भारतीय पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलता है। आयोजकों ने सभी पहलवानों, अतिथियों और खेल प्रेमियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में कुश्ती की परंपरा को आगे बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए।