{"_id":"6ad8e9c532c465ed6a002a6a","slug":"video-haryana-becomes-national-hockey-champion-defeats-madhya-pradesh-2-1-in-the-final-2026-10-21","type":"video","status":"publish","title_hn":"हरियाणा बना राष्ट्रीय हॉकी चैंपियन, फाइनल में मध्य प्रदेश को 2-1 से हराया","category":{"title":"Sports","title_hn":"खेल","slug":"sports"}}
हरियाणा बना राष्ट्रीय हॉकी चैंपियन, फाइनल में मध्य प्रदेश को 2-1 से हराया
नीरज नरवरिया
Updated Wed, 21 Oct 2026 10:05 PM IST
Link Copied
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद की कर्मभूमि पर बुधवार को 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताबी मुकाबला खेला गया। रोमांचक फाइनल में हरियाणा ने मध्य प्रदेश को 2-1 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मध्य प्रदेश ने शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन हरियाणा ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं, मेजबान उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 3-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10 से 21 अक्तूबर तक आयोजित इस चैंपियनशिप में देश की 29 टीमों ने हिस्सा लिया।
जोगिंदर सिंह ने दागा निर्णायक गोल
फाइनल में हरियाणा और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर के 14वें मिनट में मध्य प्रदेश के मोहम्मद जैद खान ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पिछड़ने के बाद हरियाणा ने हमले तेज कर दिए। दूसरे क्वार्टर के 21वें मिनट में नवराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच बढ़त हासिल करने के लिए संघर्ष तेज हो गया। मध्य प्रदेश ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन हरियाणा की रक्षापंक्ति ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। मैच के 50वें मिनट में जोगिंदर सिंह ने मैदानी गोल कर हरियाणा को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। अंतिम सीटी बजने तक मध्य प्रदेश की टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी और हरियाणा ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।
लगातार तीसरी बार तीसरे स्थान पर रहा यूपी
तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 3-1 से हराकर घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दिया। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम लगातार तीसरी बार तीसरे स्थान पर रही।
उत्तर प्रदेश की ओर से आकाश पाल ने 15वें और 21वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद 41वें मिनट में पंजाब के पवनदीप सिंह ने गोल कर अंतर कम किया। मुकाबले के 58वें मिनट में उत्तर प्रदेश के चंदन यादव ने तीसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
विजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में एशियाई हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने विजेता हरियाणा, उपविजेता मध्य प्रदेश और तीसरा स्थान हासिल करने वाली उत्तर प्रदेश की टीम को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश हॉकी के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह, जिलाधिकारी गौरांग राठी, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह, झांसी हॉकी के अध्यक्ष वीरेंद्र राय, सचिव सुबोध खांडेकर, उप क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अब्दुल अजीज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन में इन्होंने निभाई अहम भूमिका
चैंपियनशिप के सफल संचालन में टूर्नामेंट डायरेक्टर अमित राय, टेक्निकल डेलीगेट मनीष गौर और अंपायर मैनेजर वीरेंद्र सिंह सहित तकनीकी अधिकारियों एवं अंपायरों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।