निष्काम सृजन फाउंडेशन की ओर से सोमवार को माल रोड स्थित गोर्टन कैसल के अकाउंटेंट जनरल ऑफिस में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करना और समय रहते जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान डॉक्टर श्रेया वासुदेव ने महिलाओं को स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने का आह्वान किया। कार्यशाला में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। इसमें मूत्र मार्ग संक्रमण, रजोनिवृत्ति के बाद रक्तस्राव और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई। महिलाओं को बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान, बचाव के उपायों और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व के बारे में बताया गया। कार्यशाला के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में देरी करने के बजाय समय पर जांच करवाने और चिकित्सकीय सलाह लेने पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया। फाउंडेशन की सदस्य माला सिंह ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सजग बनाना था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी होने से महिलाएं शुरुआती स्तर पर लक्षणों को पहचानकर समय पर उचित कदम उठा सकती हैं।