राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के बहुउद्देशीय हॉल में मंगलवार को अंडर-19 और ओपन राज्य शतरंज चैंपियनशिप के दूसरे दिन के मुकाबले शुरू हो गए। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन राज्य शतरंज संघ (एचपीएससीए) और जिला शिमला शतरंज संघ (डीएससीए) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन सोमवार को ओपन और बालक वर्ग में तीन-तीन राउंड, जबकि बालिका वर्ग में दो राउंड खेले गए थे। मंगलवार को प्रतियोगिता के शेष मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इन मुकाबलों के बाद चैंपियनशिप के परिणाम घोषित किए जाएंगे। चैंपियनशिप के दोनों वर्गों के लिए कुल 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है। एचपीएससीए के अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका उत्साह, अनुशासन और खेल भावना प्रदेश में शतरंज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। प्रतियोगिता के पहले दिन एचपीएससीए के सीईओ केके सकलानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एचपीएससीए के महासचिव संजीव ठाकुर, कोषाध्यक्ष संजीवन सरस्वत सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।