शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं को खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ-2026 का समापन हो गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्नी में आयोजित समापन समारोह में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस बार खेल महाकुंभ में महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों को भी शामिल किया गया। क्षेत्र में पहली बार महिलाओं को कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि करीब एक माह तक चली इन खेल प्रतियोगिताओं में लगभग 10 हजार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। मंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में चयनित शीर्ष चार टीमों को आगे प्रदेश स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच व्यापक दृष्टिकोण के साथ पूरे क्षेत्र का विकास करने की है। युवाओं और महिलाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। खेल महाकुंभ के समापन से पहले लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सुन्नी क्षेत्र में 10.37 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने सतलुज नदी पर थली नामक स्थान पर 9.53 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 145 मीटर लंबे स्पैन स्टील सस्पेंशन ब्रिज का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के सरकारी आवासों का भी लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जा रहा है। तपड़ी पुल के समीप नदी में जलस्तर बढ़ने की समस्या को देखते हुए भविष्य में बड़े पुल के निर्माण की योजना तैयार की जाएगी। इससे मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। गत बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए नदी पर बने पुल की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाया गया था। इसका कार्य पूरा होने के बाद पुल को जनता को समर्पित कर दिया गया है। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व विधायक सोहन लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा और देवेंद्र ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष कौशल्या शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। वॉलीबॉल में ओगली टीम विजेता तथा धमून टीम उपविजेता रही। इसी प्रकार, बैडमिंटन (पुरुष) में बसंतपुर टीम विजेता तो सुन्नी टीम उपविजेता रही तथा बैडमिंटन (महिला) में धारगोरा टीम विजेता तो भरारा टीम उपविजेता रही। इसके अतिरिक्त, कबड्डी (पुरुष) में कालीघाटी टीम विजेता तो कोहबाग़ टीम उपविजेता रही। क्रिकेट में बनुटी टीम विजेता और घणाहट्टी टीम उपविजेता रही।