राजधानी के व्यस्त लोअर बाजार में पैदल चलने वाले लोगों की राह में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। मंगलवार को निगम की टीम बाजार पहुंची और सड़क पर सामान सजाकर दुकानदारी कर रहे दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर रखे सामान को हटाकर जब्त किया गया। बाजार में दुकानों के बाहर सामान फैलाकर कारोबार किए जाने से राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। नगर निगम ने लोअर बाजार सहित शहर के कई प्रतिबंधित क्षेत्रों में सड़क पर दुकानें लगाने और सामान फैलाने पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार नियमों की अनदेखी कर सार्वजनिक रास्तों पर सामान सजाकर बिक्री कर रहे थे। इससे बाजार में पैदल चलने के लिए उपलब्ध जगह कम हो रही थी और लोगों को भीड़ के बीच से गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रतिबंधित क्षेत्रों में सड़क पर दुकानें लगाने और सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों का सामान जब्त करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस कार्रवाई से लोअर बाजार में सड़क पर दुकानें सजाने वाले कारोबारियों में हलचल देखने को मिली।