राजधानी के गंज बाजार स्थित एसडी स्कूल में इन दिनों खेलों का रोमांच देखने को मिल रहा है। स्कूल में आयोजित इंटर हाउस खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न टीमों के बीच वॉलीबाल के मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी ताकत झोंकी और मुकाबलों में उत्साह नजर आया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन वॉलीबाल खिलाड़ियों के बीच मुकाबले करवाए जा रहे हैं। मैचों के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। साथी खिलाड़ियों ने भी मैदान के बाहर से अपनी-अपनी टीमों का उत्साह बढ़ाया। स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनमें टीम भावना, अनुशासन तथा प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। स्कूल प्रधानाचार्य विजय ठाकुर ने बताया कि इंटर हाउस खेलकूद प्रतियोगिता 7 अक्तूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग खेलों में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।