हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में स्वायत्तता बहाली की मांग को लेकर स्वायत्तता बचाओ संघर्ष मंच का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। प्रशासनिक भवन के बाहर आयोजित गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय की स्वायत्तता के साथ प्रो वाइस चांसलर राजेंद्र सिंह के पद पर बने रहने को लेकर भी चिंता जताई। मंच के अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित नरेश कुमार शर्मा, राजकुमारी, प्रेम राज शर्मा और सुरेश कुमार वर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ (एचपीयूटीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष प्रो. नितिन व्यास, उपाध्यक्ष डॉ. योगराज, सचिव डॉ. अंकुश भारद्वाज और संयुक्त सचिव डॉ. अंजली शर्मा ने भी विश्वविद्यालय की स्वायत्तता से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताई। वक्ताओं ने सवाल उठाया कि स्वायत्तता को लेकर विवाद के बीच प्रो वाइस चांसलर राजेंद्र सिंह अब भी अपने पद पर बने हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से विश्वविद्यालय के लिए लाए गए अधिनियम को वापस लेने और इसकी उपधाराओं में आवश्यक संशोधन करने की मांग की। स्वायत्तता बचाओ संघर्ष मंच ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से गैर शिक्षक कर्मचारियों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के लिए समय देने की मांग दोहराई। मंच का कहना है कि कर्मचारियों के मुद्दों पर चर्चा के लिए सरकार के साथ संवाद जरूरी है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय की स्वायत्तता से जुड़े मुद्दों और कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।