शिमला, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय देते हुए बड़ी उपलिब्ध हासिल की है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में महाविद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। राजकीय महाविद्यालय सीमा रोहड़ू में आयोजित विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में रचनात्मक नृत्य में प्रथम स्थान पर छात्राओं ने नृत्य के माध्यम से पांच तत्वों के सृजन, संतुलन और संरक्षण को जीवंत किया। शास्त्रीय नृत्य (कत्थक) में प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरी ओर राजकीय महाविद्यालय सोलन में आयोजित अंतर महाविद्यालय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में राजकीय कन्या महाविद्यालय ने 33 टीमों को पछाड़ते हुए खिताब पर अपना कब्जा बरकरार रखा। इस दोहरी उपलब्धि पर राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने सभी विजेता छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।