फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला: धामी पत्थर मेले में महेश वर्मा के गाल पर लगा पत्थर, रक्त से मां भद्रकाली को लगाया गया तिलक

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नजदीक धामी क्षेत्र में सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा एक बार फिर निभाई गई। दीपावली के दूसरे दिन खेल का चौरा में आयोजित पारंपरिक पत्थर मेले में दो गुटों के बीच पत्थरबाजी का अनोखा आयोजन हुआ। इस ऐतिहासिक मेले को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। करीब 30 मिनट तक चले इस आयोजन में जमोगी खुंद के महेश वर्मा के घायल होने के बाद पारंपरिक रस्म का समापन किया गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे आयोजकों की ओर से लाल झंडा दिखाए जाने के बाद दोनों पहाड़ियों से पत्थर फेंकने का सिलसिला शुरू हुआ। करीब 25 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी चलती रही। शाम 3:55 बजे जमोगी खुंद के महेश वर्मा के गाल पर पत्थर लगा, जिसके बाद आयोजन को रोक दिया गया। परंपरा के अनुसार, पत्थर लगने के बाद महेश वर्मा को खेल का चौरा स्थित सत्ती के स्मारक स्थल पर ले जाया गया। वहां माथा टेकने के बाद उनके शरीर से निकले रक्त से मां भद्रकाली के मंदिर में तिलक लगाने की धार्मिक रस्म पूरी की गई। इसके बाद महेश को प्राथमिक उपचार दिया गया। पत्थर मेले का समापन होने के बाद मेले की शुरुआत राजपरिवार की ओर से नरसिंह पूजन के साथ हुई। धामी रियासत के उत्तराधिकारी जगदीप सिंह ने भी पारंपरिक पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। धामी का पत्थर मेला दो पारंपरिक समूहों के बीच आयोजित किया जाता है। इनमें जमोगी और कटेडू टोली शामिल हैं। जमोगी पक्ष में जनिया, जमोगी, प्लानिया, कोठी, चईयां और ओखरू गांवों के लोग भाग लेते हैं। वहीं, कटेडू पक्ष राजपरिवार से जुड़ा है। इस टोली में तुंडू, धगोई, बठमाणा और आसपास के गांवों के युवा शामिल होते हैं। दोनों पक्ष निर्धारित स्थान पर आमने-सामने होकर इस पारंपरिक आयोजन में हिस्सा लेते हैं। धामी रियासत के उत्तराधिकारी जगदीप सिंह के अनुसार, इस परंपरा की शुरुआत पुराने समय में प्रचलित बलि प्रथा के विकल्प के रूप में हुई थी। मान्यता है कि रियासत में लगातार अनिष्ट की घटनाओं के बाद लोगों की सुख-समृद्धि के लिए बलि दी जाती थी। बाद में राजमाता ने इस प्रथा को बंद करवाने का निर्णय लिया। इसके स्थान पर पत्थरों के पारंपरिक खेल की शुरुआत हुई और आयोजन के दौरान चोट लगने से निकले रक्त से मां भद्रकाली को तिलक लगाने की रस्म शुरू की गई। जगदीप सिंह ने बताया कि कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने अपने रक्त से तिलक लगाकर इस पुरानी परंपरा को जारी रखा था। धामी के पत्थर मेले को देखने के लिए इस बार भी बड़ी संख्या में लोग खेल का चौरा पहुंचे। मेले में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों के साथ बाहरी क्षेत्रों से आए दर्शकों ने भी इस अनूठी परंपरा को करीब से देखा। धामी का यह आयोजन हिमाचल प्रदेश की विशिष्ट लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक परंपराओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें