नगर निकाय चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही बाड़मेर में प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी को लेकर घमासान शुरू हो गया। भाजपा और कांग्रेस ने अपने 55 वार्डों के प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों को भी बाड़ाबंदी में शामिल किया है। बुधवार देर रात इन प्रत्याशियों को बसों से अज्ञातवास के लिए रवाना कर दिया गया।
कांग्रेस प्रत्याशी को जबरन ले जाने की कोशिश
इधर, नगर निकाय चुनाव के बाद बुधवार रात बाड़मेर में वार्ड संख्या 48 के कांग्रेस प्रत्याशी पारस माली को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कांग्रेस प्रत्याशी पारस माली को गाड़ी से अपने साथ ले जाने लगी। इसी दौरान कुछ लोग पुलिस से भी उलझ गए।
पुलिस गाड़ी को घेरा, चाबी छीनने की कोशिश
इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस गाड़ी के चालक से चाबी छीनने और स्टीयरिंग पकड़ने का प्रयास किया। इसके साथ ही भीड़ ने पुलिस गाड़ी को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पुलिस गाड़ी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकलवाया और पारस माली को उनके घर पर सुरक्षित पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर मौके से हटाया और मामला शांत करवाया।
प्रत्याशी को कार से छुड़ाया
एएसपी नितेश आर्य के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड संख्या 48 के प्रत्याशी पारस माली को जबरन उठाकर ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग प्रत्याशी को एक गाड़ी में बैठाकर रखे हुए थे। पुलिस ने पारस माली को कार से बाहर निकालकर लोगों के कब्जे से छुड़ाया और उनके घर पर सुरक्षित छोड़ दिया।
स्कॉर्पियो जब्त, दो लोग हिरासत में
एएसपी ने बताया कि घटना को लेकर प्रत्याशी या उनके परिवार की ओर से अब तक पुलिस को कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। पुलिस ने मौके से एक स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।