खन्ना में अवैध कब्जों और सरकारी जमीन पर किए गए निर्माण के खिलाफ नगर काउंसिल ने कार्रवाई की और पुलिस बल की मौजूदगी में मीट मार्केट के पास बनी कॉलोनी में कुछ निर्माण हटाए। इस दौरान एक परिवार की महिलाओं ने जमकर विरोध किया और नगर काउंसिल व पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। काउंसिल के ईओ चरणजीत सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने अपने घरों के बाहर सरकारी जमीन की ओर निर्माण बढ़ा रखा था। ऐसे निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई है। उनका कहना था कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक महिला का आरोप था कि यदि गली में अन्य स्थानों पर भी अवैध गतिविधियां और कब्जे हैं तो केवल उनके मकान पर ही कार्रवाई क्यों की जा रही है। महिला ने पुलिस अधिकारियों पर भी आरोप लगाए कि उन्हें गली में चल रही कथित गतिविधियों की जानकारी है। महिलाओं और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति संभाली और टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। टीम ने पुलिस के साथ जीटी रोड पर बने एक पुराने खंडहरनुमा कमरे को भी ध्वस्त कर दिया। डीएसपी खन्ना विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इस खंडहर कमरे में कुछ नौजवान नशा करते हैं। पुलिस के अनुसार, ऐसी जगहों का इस्तेमाल नशे के लिए न हो, इसलिए कमरे को गिराने की कार्रवाई की गई।