जालंधर के बस्ती एरिया में 4 साल के बच्चे के गुम होने की सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे को 10 घंटे कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित तलाश कर उसके परिवार के हवाले कर दिया। बेटे को गोद में लेते हुए मां के आंसू छलक आए। एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि 17 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे थाना बस्ती बावा खेल के अधीन इलाके से बच्चे के गुम होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि दो एक्टिवा सवार व्यक्ति बच्चे को अपने साथ लेकर गए थे। इस संबंध में थाना बस्ती बावा खेल में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने अलग-अलग पहलुओं पर काम करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और उपलब्ध जानकारी के आधार पर बच्चे की तलाश तेज कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ परिवार, आम लोगों और विभिन्न माध्यमों से मिले सहयोग के चलते बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिवार/वारिसों के हवाले कर दिया गया। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने बच्चे की तलाश में सहयोग करने वाले आम लोगों, परिवार के सदस्यों, सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करने वालों तथा मीडिया/समाचार माध्यमों का आभार जताया है।