जालंधर के रामा मंडी रोड पर बुधवार रात उस समय हंगामा हो गया, जब बाइक सवार तीन युवकों पर एक युवक और महिला का पीछा कर उन्हें परेशान करने का आरोप लगा। संदिग्ध युवकों की हरकतों को देखते हुए बाइक सवार युवक ने हिम्मत दिखाई और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें घेर लिया। इस दौरान दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उनका तीसरा साथी फरार होने में कामयाब हो गया। पकड़े गए युवकों के कब्जे से एक बड़ा तेजधार हथियार (दातर) भी बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक, घटना रामा मंडी हाईवे के पास की है। एक युवक महिला के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उनका पीछा करने लगे। युवकों की लगातार संदिग्ध गतिविधियों से परेशान होकर बाइक सवार ने आगे जाकर उन्हें रोक लिया और शोर मचाकर स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को पकड़ लिया।पकड़े गए युवकों की पहचान सुच्चा पासवान और राहुल के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे डिलीवरी बॉय और पिज्जा पैकिंग का काम करते हैं। उनके पास दातर मिलने के संबंध में पूछने पर उन्होंने इसे अपनी सुरक्षा के लिए साथ रखने की बात कही। उनकी स्प्लेंडर बाइक के पिछले हिस्से पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जबकि आगे पीबी-08-बीएस-1903 नंबर की प्लेट लगी हुई थी। वहीं, तीसरा युवक गौरव निवासी संतोखपुरा पकड़े जाने के डर से पास के एक सुनसान प्लॉट में घुस गया और वहां की ऊंची दीवार फांदकर छिप गया। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों और अंधेरे में उसकी तलाश भी की, लेकिन वह मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद इलाके के लोगों में रोष पाया जा रहा है। फिलहाल पकड़े गए दोनों युवकों और बरामद हथियार को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।