जालंधर में परागपुर पुलिस चौकी में कांग्रेस के जिला यूथ प्रधान अंगद दत्ता और चौकी इंचार्ज एएसआई हरदयाल के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मामला गांव नंगल करार खां में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े से जुड़ा है, जिसमें एक युवक द्वारा नशे से संबंधित आरोप लगाए गए थे। वायरल वीडियो में कांग्रेस नेता पुलिस से कथित नशा तस्करी के मामले में कार्रवाई को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं, जबकि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। इस बीच जालंधर पुलिस ने वायरल वीडियो को लेकर अपना स्पष्टीकरण जारी किया है। एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि 21 सितंबर की शाम गांव नंगल करार खां में दो पक्षों के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ था। दोनों पक्ष अस्पताल में भर्ती हुए और पुलिस को दोनों की एमएलआर प्राप्त हुई हैं। इनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे नशे से जुड़े आरोपों के संबंध में अब तक पुलिस के सामने कोई तथ्य या शिकायत नहीं आई है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मामले के नशे वाले एंगल की भी गंभीरता से जांच की जाएगी और यदि जांच में कोई तथ्य सामने आता है तो उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।