जालंधर के गणेश नगर इलाके में रिटायर्ड एआईजी गुरनाम सिंह पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके पड़ोसी कुलवंत राय ने अपने 4 से 5 साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:40 बजे रिटायर्ड एआईजी गुरनाम सिंह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान आरोप है कि कुलवंत राय अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास हथियार भी थे। वायरल सीसीटीवी फुटेज में 4 से 5 लोग रिटायर्ड एआईजी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के समय उनकी पत्नी भी मौके पर मौजूद थीं और पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद गुरनाम सिंह ने थाना रामा मंडी में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।