फरीदकोट की 22 वर्षीय सिमरजीत कौर करीब दो साल तक मलेशिया में फंसी रहने के बाद शुक्रवार को भारत लौट आई। सांसद सरबजीत सिंह खालसा के प्रयासों और भारतीय उच्चायोग के हस्तक्षेप से उसकी वतन वापसी संभव हो सकी। परिवार के मुताबिक, सिमरजीत रोजगार के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च कर मलेशिया गई थी। युवती का आरोप है कि वहां उससे जबरन काम करवाया जाता था और परिवार से संपर्क करने पर भी रोक लगाई गई थी। वह अपनी डेढ़ साल की बेटी को मां के पास छोड़कर विदेश गई थी। बेटी से संपर्क टूटने के बाद उसकी मां ने सांसद की टीम से मदद मांगी। इसके बाद सांसद ने मलेशिया स्थित भारतीय उच्चायोग को ईमेल भेजकर हस्तक्षेप की मांग की। भारत लौटने पर सिमरजीत ने सांसद और उनकी टीम का आभार जताया।