संगरूर पुलिस में तैनात एक पुलिसकर्मी पर मोगा से एक युवक को कथित तौर पर अगवा कर उसके साथ बुरी तरह मारपीट करने और गंभीर हालत में सुनसान जगह पर छोड़ने के आरोप लगे हैं। घायल युवक की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में उपचार के लिए एम्स बठिंडा में भर्ती करवाया गया है। मामले में युवक के परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। वहीं, युवक के कथित अपहरण की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है। एम्स बठिंडा में उपचाराधीन गुरप्रीत सिंह के भाई सिमरजीत सिंह ने बताया कि उसका भाई मोगा में लकड़ी का मिस्त्री है। वह दोपहर के समय मोगा के बुग्गीपुरा चौक से अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने मामले की शिकायत थाना मेहना में दर्ज करवाई। सिमरजीत के मुताबिक, शिकायत दर्ज करवाने के कुछ घंटे बाद गुरप्रीत घायल हालत में मिला। उसके बाद उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।